
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कर्नाटक में अपनी आखिरी सार्वजनिक रैली में रविवार को कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने लिंगायतों, ओबीसी और बजरंगबली (भगवान हनुमान) का भी अपमान किया है। पीएम मोदी ने मैसुरु जिले के नंजनगुड एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “कांग्रेस के झूठ के पुलिंदे पर विश्वास न करें। विधानसभा चुनाव से पहले कर्नाटक में यह मेरा आखिरी भाषण है। मैं सभी कन्नड़ लोगों को मेरा समर्थन करने के लिए दिल से धन्यवाद देता हूं। सभी को चुनाव के उत्सव में भाग लेना चाहिए। आपका वोट प्रदेश और देश को नई दिशा देगा।”
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सभी लोगों के कल्याण के लिए प्रयासरत है। हक्की-पिक्की समुदाय के लोगों सहित सभी लोगों को सूडान से सुरक्षित भारत वापस लाया गया है। कांग्रेस ने इस संकट में राजनीति की है। उन्होंने कहा, “आपके लिए मोदी है। हम देश की रक्षा के लिए कोई भी आवश्यक कदम उठाएंगे। हम कोई भी साहसिक कदम उठाने से नहीं हिचकिचाएंगे।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस भारत के स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने वालों का अपमान कर रही है। कांग्रेस ने करोड़ों कन्नड़ लोगों का अपमान किया जाता है।
मोदी ने कहा, “राष्ट्रकवि कुवेम्पु ने कर्नाटक को भारत की बेटी के रूप में वर्णित किया। लेकिन कांग्रेस ने फूट डालो और राज करो की नीति अपनाई है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि कांग्रेस सत्ता में आने के लिए इस तरह की घटिया रणनीति अपनाएगी।”
पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत दुनिया में मोबाइल उत्पादन में दूसरे स्थान पर है। कर्नाटक में कई बड़ी कंपनियां आई हैं। कर्नाटक में ब्रांडेड मोबाइल का उत्पादन होता है। यह राज्य के लिए गर्व की बात है। लेकिन जेडीएस और कांग्रेस के लिए यह गर्व की बात नहीं है।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि एक इतिहास रचने और कर्नाटक को देश में नंबर एक बनाने के लिए राज्य विधानसभा चुनाव महत्वपूर्ण हैं। लोग डबल इंजन सरकार में विश्वास करते हैं। राज्य के हर कोने में एक ही विश्वास है कि इस बार बहुमत वाली भाजपा सरकार सत्ता में आएगी।