
पंजाब : फैक्ट्री का निर्माणाधीन हिस्सा गिरने से 3 मजदूरों की मौत, 4 लापता
चंडीगढ़, 6 अप्रैल (बीएनटी न्यूज़)| पंजाब के लुधियाना शहर में एक दो मंजिला ऑटो विनिर्माण फैक्ट्री का एक अनधिकृत निमार्णाधीन हिस्सा ढह जाने से सोमवार को तीन मजदूरों की मौत हो गई। मलबे में अभी भी चार लोगों के फंसे होने की संभावना है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय प्रशासन द्वारा एक संयुक्त अभियान में 37 मजदूरों को बचाया गया है।
फैक्ट्री डाबा रोड पर मुकंद नगर में घनी आबादी के बीच स्थित है।
डिप्टी कमिश्नर वरिंदर कुमार शर्मा ने मीडिया को बताया कि फैक्ट्री मालिक द्वारा अवैध निर्माण को अंजाम दिए जाने पर तीसरी मंजिल पर स्थित लिन्टल ध्वस्त हो गया।
घटना स्थल पर बचाव अधिकारियों ने कहा कि फंसे हुए लोगों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि इमारत का एक खंभा ढह गया, जिसके बाद आंशिक रूप से आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस के अनुसार, घायलों को सिविल अस्पताल और एसपीएस अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि नगर निगम की अनुमति के बिना निर्माण कार्य चल रहा था। फैक्ट्री मालिक तीसरी मंजिल पर जैक लगाकर इमारत की संरचना का विस्तार करने की कोशिश कर रहा था।
लुधियाना के पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल ने कहा कि ठेकेदार मोहम्मद हारून के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया गया है।