
भाजपा संगठन सेवा पखवाड़े में आमजन से जुड़कर खोजेगा समस्याओं का समाधान
भोपाल, 05 सितंबर (बीएनटी न्यूज़)| भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से महात्मा गांधी के जन्मदिन दो अक्टूबर तक पार्टी सेवा पखवाड़े का आयोजन करने जा रही है। इस अभियान के जरिए सेवा कार्यों के माध्यम से कार्यकर्ता विभिन्न समाजों और वर्गों से जुड़कर समस्याओं का समाधान खोजेंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि चुनौतियों का सामना सिर्फ सरकार के बूते का नहीं इसलिए संगठन कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगा।
भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई की कामकाजी बैठक रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में हुई। इस मौके पर राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि हम प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से बापू के जन्मदिन दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाने जा रहे हैं। लेकिन किसी का जन्मदिन मनाना उसकी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा के लिए नहीं होता, बल्कि इसका उद्देश्य यह है कि हमारा विचार बढ़े, संगठन बढ़े।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश और समाज के सामने जो चुनौतियां आएंगी, उनका सामना सिर्फ सरकारों के बूते की बात नहीं होगी। इन चुनौतियों का सामना करने के लिए संगठन यानी कार्यकर्ताओं को भी कंधे से कंधा मिलाकर काम करना होगा।
शिवप्रकाश ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री ने यह बताया है कि कोई भी राजनीतिक दल अपने काम से लोगों की समस्याओं का समाधान कर सकता है। हम भी पौधे लगाकर, तालाबों की सफाई करके, बेटी बचाओ और नमामि गंगे जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज से जुड़ सकते हैं और उनकी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं।
शिवप्रकाश ने कहा कि अगर हम ऐसा करते हैं, तो इससे पार्टी का विस्तार होगा, कार्यकतार्ओं के मन में सेवाभाव जागृत होगा और समाज के प्रति परिवार भाव पैदा होगा।
पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने बैठक में कहा कि बूथ विस्तारक अभियान के माध्यम से 65 में से 62 हजार बूथों को डिजिटल बनाकर प्रदेश संगठन ने देश भर में अलग पहचान बनायी है। डिजिटल बूथों का हमें टेक्नालॉजी के साथ भरपूर उपयोग करना है, ताकि हमारी मजबूती और बढ़े।
उन्होंने कहा कि बूथ सशक्तिकरण अभियान के माध्यम से हम कमजोर बूथों पर अपनी कमियों को दूर कर उसे कैसे मजबूत किया जाए, इस दिशा में काम करना उन्होंने जनप्रतिनिधियों और कार्यकतार्ओं से सोशल मीडिया का बेहतर उपयोग करने की बात कही।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 17 सितंबर से प्रदेश सरकार केंद्र और राज्य सरकारों की विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए अभियान चलाएगी। इसके अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। 26 अक्टूबर से मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस एक नवंबर तक मध्यप्रदेश दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान सांस्कृतिक, खेलकूद सहित बच्चों के लिए अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
एक नवंबर को प्रदेश का स्थापना दिवस एक जनउत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इसके अलावा सरकार प्रयोग के तौर पर दो-दो मंत्रियों के समूह बनाकर उन्हें तीन जिलों की जिम्मेदारी देगी, जहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं, नागरिकों तथा प्रशासन के अधिकारियों से मिलकर विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन देखेंगे तथा विकास कार्यों पर नजर रखेंगे।
बैठक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए नगर एवं ग्रामीण निकाय के चुनावों में पार्टी को ऐतिहासिक जीत मिली है। हमारा लक्ष्य 51 प्रतिशत वोट शेयर रहा है, लेकिन हमने नगर निगमों में 53 प्रतिशत, नगर पालिकाओं में 49.78 प्रतिशत और नगर परिषदों में लगभग 50 प्रतिशत वोट शेयर हासिल किया है। यह सब पार्टी नेतृत्व के प्रति जनता के विश्वास, गरीब कल्याण की योजनाओं तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।