
बिहार : पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल ने माल लदान क्षेत्र में प्रथम स्थान हासिल किया
हाजीपुर, 2 जून (बीएनटी न्यूज़)| कोरोना जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल ने माल लदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय रेल में एक बार पुन: प्रथम स्थान हासिल किया गया है। धनबाद मंडल ने यह उपलब्धि वित्तीय वर्ष 2021-22 के प्रथम दो महीने यानी अप्रैल एवं मई में की गई माल ढुलाई से प्राप्त की है। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक ललित चंद्र त्रिवेदी ने धनबाद मंडल की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि कोरोना की इस कठिन परिस्थितियों के बावजूद माल ढुलाई में यह प्रदर्शन हमारे रेलकर्मियों के कर्तव्य के प्रति लगनशीलता को दर्शाता है।
उन्होंने भारतीय रेल में प्रथम स्थान हासिल करने पर धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष बंसल सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। महाप्रबंधक ने कहा कि यह देश की अर्थव्यवस्था को और गति प्रदान करने में सहायक होगा।
अप्रैल एवं मई में धनबाद मंडल द्वारा भारतीय रेल के सभी मंडलों की अपेक्षा सर्वाधिक माल लदान करते हुए कुल 26़69 मिलियन टन माल की ढुलाई की गई। यह लदान पिछले वित्तीय वर्ष 2020-21 के प्रथम दो माह (अप्रैल एवं मई, 2020) में की गई माल ढुलाई से 66.46 प्रतिशत अधिक है। माल ढुलाई के साथ-साथ इससे प्राप्त होने वाली आय में भी उल्लेखनीय वृद्घि दर्ज हुई है।
उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष (वर्ष 2021-22) के प्रथम 2 माह में माल ढुलाई से 3491 करोड़ की आय प्राप्त हुई है। यह आय पिछले वित्त वर्ष (वर्ष 2020-21) की समान अवधि में प्राप्त आय की तुलना में लगभग 120 प्रतिशत अधिक है।