
जहरीले रसायन होने के दावे के बीच डीजेबी निदेशक ने यमुना के पानी में किया स्नान
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (बीएनटी न्यूज़)| भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा की चुनौती के बाद दिल्ली जलबोर्ड के डायरेक्टर (क्वालिटी कंट्रोल) संजय शर्मा ने रविवार को यमुना के पानी से स्नान किया। इतना ही नहीं, उन्होंने जिस पानी से स्नान किया, उसमें रसायन मिला हुआ था। इसके बाद डीजेबी के डायरेक्टर संजय शर्मा ने कहा कि यमुना का पानी स्वच्छ है, जहरीला नहीं है। डीजेबी निदेशक ने एक कंटेनर में यमुना से पानी लिया और फिर यह दिखाने के लिए कि पानी खतरनाक नहीं है, स्नान किया। छठ पूजा से पहले झाग को नष्ट करने के लिए नदी में डिफॉमर केमिकल का छिड़काव किए जाने पर दोनों के बीच वाकयुद्ध छिड़ गया था।
डीजेबी के निदेशक शर्मा ने स्नान करने के बाद कहा, यह (सांसद) प्रवेश वर्मा जी के लिए कोई संदेश नहीं है। वह हमारे माननीय सांसद हैं। यह संदेश दिल्ली के लोगों के लिए है।
चूंकि यमुना की सतह पर जहरीला झाग बढ़ गया था, डीजेबी के अधिकारियों ने इसे हटाने के लिए नदी के पानी की सतह पर रसायनों का छिड़काव किया। भाजपा नेताओं ने इसका विरोध करते हुए कहा कि इससे भक्तों पर असर पड़ेगा, और डीजेबी अधिकारी और भाजपा नेताओं के बीच विवाद हो गया।
डीजेबी निदेशक ने शनिवार को वर्मा और दिल्ली भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा के खिलाफ ‘आधिकारिक कर्तव्य के निर्वहन में बाधा डालने और आपराधिक धमकी’ के लिए शिकायत दर्ज की।