
कन्हैया कुमार और सिद्धू को लेकर भाजपा ने साधा कांग्रेस पर निशाना
नई दिल्ली , 29 सितंबर (बीएनटी न्यूज़)। मंगलवार को कम्युनिस्ट पार्टी के नेता कन्हैया कुमार ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। इसे लेकर भाजपा ने विरोधी कांग्रेस पर तीखा निशाना साधा है। भाजपा की तरफ से पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बयान जारी कर कहा है कि कांग्रेस पार्टी के टुकड़े-टुकड़े हो रहे हैं और टुकड़े-टुकड़े गैंग के सदस्य भी अब कांग्रेस में ही जा रहे हैं। यह स्वाभाविक बात है कि भारत विरोधी हर चेहरे का घोसला कांग्रेस पार्टी में ही है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि आज के दिन सोनिया गांधी और राहुल गांधी की याददाश्त ताजा करने के लिए कन्हैया कुमार से जुड़े प्रकरणों को याद दिलाना जरूरी है।
गौरव भाटिया ने कहा कि कन्हैया कुमार देश के खिलाफ नारे लगाने वाले उन लोगों के साथ खड़े थे, जिन्होने यह नारा लगाया था कि अफजल हम शर्मिदा हैं तेरे कातिल जिंदा हैं। आज भी कन्हैया कुमार के खिलाफ अदालत में मामला चल रहा है और राहुल गांधी इन्ही कन्हैया कुमार के समर्थन में खड़े हैं।
उन्होने कहा कि भारत तेरे टूकड़े होंगे के नारे लगाने वालों के साथ कन्हैया कुमार नजर आए थे और आज कांग्रेस इन्ही कन्हैया कुमार के साथ खड़ी है। गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि कन्हैया कुमार ने भारतीय सेना के खिलाफ भी अनर्गल बयान दिया था और आज उसी जहरीली सोच का समर्थन कांग्रेस पार्टी कर रही है।
नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे को लेकर भी भाजपा ने सिद्धू और कांग्रेस पर तीखा निशाना साधा है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि सिद्धू को प्रदेश में एक दलित मुख्यमंत्री बर्दाश्त नहीं हो रहा है, इसलिए उन्होने प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। चुग ने सिद्धू पर एक स्थिर सरकार को अस्थिर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब एक बॉर्डर स्टेट है और कांग्रेस ने इस राज्य का मजाक बना कर रख दिया है। उन्होने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता कांग्रेस को इस पाप का दंड जरूर देगी।