
मेरठ से मंत्री बनने की दौड़ में शामिल ये विधायक
मेरठ। उप्र विधानसभा चुनाव परिणाम 2022 (UP election result 2022) के आने के बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार दो तिहाई बहुमत के साथ आई है। उप्र में भाजपा सरकार दूसरी पारी खेलने के लिए तैयार है। पहली पारी की ही तरह इसमें भी भाजपा के कप्तान यानी प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ही होंगे। लेकिन मंत्रिमंडल में किसको शामिल किया जाएगा। इसको लेकर सभी विधायक अपने—अपने कयास लगा रहे हैं। भाजपा विधायकों ने मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए संघ से लेकर भाजपा हाईकमान तक सिफारिशें लगाई है। मेरठ (Meerut) से भी तीन विधायक और एक एमएलसी को योगी मंत्रिमंडल का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। इनमें योगी के नए मंत्रिमंडल में शामिल होने की दौड़ में पूर्व मंत्री दिनेश खटीक, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, दक्षिण से विधायक सोमेंद्र तोमर और एमएलसी अश्वनी त्यागी मजबूत दावेदार ठोक रहे हैं। पश्चिमी उप्र में भाजपा को सपा रालोद गठबंधन ने मेरठ में काफी तगड़ा झटका दिया है। 2017 के विधानसभा चुनाव में जहां भाजपा ने सात में से 6 सीटों को जीता था। वहीं इस बार मात्र तीन सीटें पर ही जीत भाजपा के हिस्से में आई है। ऐसे में इन तीनों सीटों पर जीते विधायकों की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। मेरठ की हस्तिनापुर से विधायक बने दिनेश खटीक को चुनाव से कुछ माह पूर्व ही मंत्री बनाया गया था। हस्तिनापुर के बारे में इस बार कई मिथक टूटे भी और कई मिथक बने भी रहे।