
बीएनटी न्यूज़
चंडीगढ़। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और दिल्ली सरकार में मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने गुरुवार को सिख दंगों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। चंडीगढ़ भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों पर कहा कि 40 साल बाद पीड़ितों को न्याय मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई नेता उन दंगों में शामिल थे, जिन्हें पार्टी ने सम्मानित कर मंत्री और सांसद बनाया।
मंजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि एसआईटी की कोशिशों से सज्जन कुमार को सजा मिली है और अन्य दोषियों पर भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि कानपुर में भी 80 लोगों को दंगों के मामले में गिरफ्तार किया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यायपालिका का धन्यवाद करते हुए उन्होंने पीड़ित परिवारों का भी आभार जताया।
सिरसा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि “भगोड़ा” दिल्ली छोड़कर पंजाब आ गया और अब खुद की छवि सुधारने में लगा है। उन्होंने दावा किया कि जब ड्रग्स का मामला उठता है, तो आम आदमी पार्टी इसे दबाने की कोशिश करती है। भाजपा नेता ने कहा कि 1.80 लाख करोड़ रुपये की ड्रग्स मनी जब्त की गई है, लेकिन सरकार उन्हीं लोगों को संरक्षण दे रही है, जो नशे के कारोबार में शामिल हैं।
किसान आंदोलन को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की समस्याओं का हल निकालना चाहती है, लेकिन स्थानीय सरकार इसमें बड़ी बाधा है। उन्होंने पंजाब सरकार से अपील करते हुए कहा, “मैं उनके चरणों में नमन कर कहता हूं कि इस समस्या को सुलझाएं।” उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल किसानों से लगातार संपर्क में हैं और उनके मुद्दों पर पूरी जानकारी रखते हैं।
भाजपा के मंत्री सिरसा ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी में अंदरूनी मतभेद हैं और चुनाव परिणाम आने के बाद केजरीवाल ने भगवंत मान को हटाने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।