
टोक्यो, (आईएएनएस)| इस महीने की शुरुआत में जापान में अलग किए गए जहाज में सवार कोरोनावायरस से संक्रमित दो लोगों की मौत हो गई है। वहीं देश में इस वायरस से मरने वाले लोगों की संख्या तीन हो गई है।
एफे न्यूज ने एनएचके की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि डायमंड प्रिंसेस जहाज में सवार दो यात्री, एक महिला एवं पुरुष जिनकी उम्र 80 के आसपास थी, वे कोरोनावायरस से संक्रमित थे।
हालांकि उनकी पहचान उजागर नहीं की गई, लेकिन ऐसा कहा जा रहा कि दोनों जापानी थे।
परीक्षण के बाद दोनों के रिपोर्ट पाजीटिव आए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक मरीज को 11 फरवरी को जहाज से निकाला गया था, जबकि दूसरे मरीज को उसके एक दिन बाद।
जहाज पर 3,700 लोग सवार हैं। उसे योकोहामा के जापानी बंदरगाह में 3 फरवरी को अलग कर दिया गया था, लेकिन उसके बाद जानकारी मिली कि यात्री और क्रू को मिलाकर करीब 600 लोग कोरोनोवायरस से संक्रमित हैं।