
गुटेरेस के दोबारा यूएन महासचिव बनने की सुरक्षा परिषद की सिफारिश का समर्थन : चीन
बीजिंग, 10 जून (बीएनटी न्यूज़)| संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्यों ने 8 जून को तालियां बजाकर एक स्वर में उस निर्णय को पारित किया, जिसमें संयुक्त राष्ट्र महासभा को एंटोनियो गुटेरेस के दोबारा यूएन महासचिव बनने की सिफारिश की गई। एंटोनियो गुटेरेस का कार्यकाल 1 जनवरी 2022 से 31 दिसम्बर 2026 तक होगा। संयुक्त राष्ट्र स्थित चीनी स्थायी प्रतिनिधि चांग च्युन ने सुरक्षा परिषद के उपरोक्त निर्णय पारित होने के बाद कहा कि चीन गुटेरेस के दोबारा संयुक्त राष्ट्र महासचिव बनने का समर्थन करता है। गुटेरेस ने अपना पद संभालने के बाद संयुक्त राष्ट्र का नेतृत्व कर अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा को बनाए रखने, अनवरत विकास को बढ़ावा देने, महामारी-रोधी अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को आगे बढ़ाने आदि क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। चीन उनका प्रशंसक है।
चांग च्युन ने यह भी कहा कि चीन संयुक्त राष्ट्र और महासचिव गुटेरेस के कार्यों का लगातार समर्थन करता रहेगा, सच्चे बहुपक्षवाद की रक्षा करता रहेगा। चीन संयुक्त राष्ट्र के साथ मिलकर आपसी सहयोग मजबूत करते हुए समान रूप से ‘संयुक्त राष्ट्र चार्टर’ के उद्देश्य और सिद्धांत पर आधारित अंतर्राष्ट्रीय संबंधों के मूल सिद्धांत की रक्षा करना चाहता है। चीन संयुक्त राष्ट्र के प्राधिकरण और भूमिका को मजबूत करना चाहता है। साथ ही, कोविड-19 महामारी और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों का मुकाबला करने में संयुक्त राष्ट्र के ज्यादा भूमिका निभाने का समर्थन करना चाहता है, ताकि अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा को बनाए रखने तथा वैश्विक विकास के संवर्धन के लिए और ज्यादा योगदान दिया जा सके।
‘संयुक्त राष्ट्र चार्टर’ के संबंधित निर्धारण के अनुसार, यूएन महासभा हाल ही में निर्णय जारी करेगी, तब गुटेरेस को औपचारिक तौर पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव फिर से निर्वाचित हो सकेंगे।
बता दें कि गुटेरेस का जन्म अप्रैल 1949 में पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में हुआ था। वे क्रमश: पुर्तगाल के प्रधानमंत्री और शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र के उच्चायुक्त बने। साल 2016 में उन्हें संयुक्त राष्ट्र के 9वें महासचिव चुने गए, जिनका कार्यकाल 1 जनवरी 2017 से 31 दिसंबर 2021 तक है।