
चीन समस्या को पैदा करने वाले आज चीन से खतरे की बात कर रहे हैं – भाजपा ने राहुल गांधी के भाषण पर साधा निशाना
नई दिल्ली, 3 फ़रवरी (बीएनटी न्यूज़)। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर विपक्ष की तरफ से चर्चा की शुरूआत करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सरकार पर तीखा निशाना साधते हुए मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की सुरक्षा को पाकिस्तान और चीन के गठजोड़ की वजह से खतरे में बताया। सरकार की तरफ से राहुल गांधी के हमले का जवाब देते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि चीन समस्या को जन्म देने वाले आज चीन से खतरे की बात कर रहे हैं।
राहुल गांधी के भाषण को दिशाहीन बताते हुए प्रल्हाद जोशी ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने राजीव गांधी फाउंडेशन में पैसा लेकर चीन के साथ फ्री ट्रेड समझौता किया वो आज कह रहे हैं कि चीन के पास एक विजन है, योजना है और भारत खतरे में है। जोशी ने तिब्बत समस्या को जन्म देने के लिए कांग्रेस की सरकार को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि चीन और पाकिस्तान हमारे विरोधी हैं उन्हें तो एक होना ही था। कांग्रेस ने चीन की समस्या को सही से नहीं संभाला और केंद्र में भाजपा की सरकार आने के बाद पहली बार भारत ने चीन को करारा जवाब दिया है।
प्रल्हाद जोशी ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी को भारतीय संस्कृति की समझ नहीं है, वो कह रहे हैं कि भारत एक देश ही नहीं है और उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह पर भी अनर्गल आरोप लगाया है।
मोदी सरकार को उद्योगपत्तियों की सरकार बताने के राहुल गांधी के भाषण को लेकर भी जोशी ने उन पर हमला बोला। जोशी ने कहा कि मनमोहन सरकार के कार्यकाल में कैबिनेट द्वारा पारित अध्यादेश को फाड़ कर फेंकने वाले राहुल गांधी भारत के लोगों का दिल जीतने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री मोदी पर इसलिए आरोप लगा रहे हैं क्योंकि वो इस पद पर मोदी को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं।
जोशी ने यह दावा किया कि भारत पाकिस्तान और चीन के खतरे से निपटने में पूरी तरह सक्षम है।