देवघर की त्रिकूट पहाड़ी पर रोपवे की ट्रॉली टूट कर गिरी, आधा दर्जन घायल, 50-60 लोग फंसे
रांची, 11 अप्रैल (बीएनटी न्यूज़)| झारखंड के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल देवघर में त्रिकूट पहाड़ी पर रविवार शाम लगभग 6 बजे रोपवे की ट्रॉली टूटने से आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं। लगभग 50 से 60 लोग रोपवे की अलग-अलग ट्रॉलियों पर फंसे हुए हैं। फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है। हालांकि अंधेरा हो जाने की वजह से इसमें परेशानी आ रही है। स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे के ट्वीट पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसपर संज्ञान लिया है। उनके निर्देश पर एनडीआरएफ की टीम मौके पर रवाना हुई है। घायलों में चार लोग स्थानीय अस्पताल में लाए गए हैं। इनमें असम के कोकराझार निवासी बीएसएफ के रिटायर्ड अधिकारी उपेंद्र वर्मा और उनकी पत्नी दीपिका वर्मा भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि रोपवे का एक तार टूट जाने की वजह से एक ट्रॉली नीचे आ गिरी और उस पर सवार आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद रोपवे बंद हो गया और इसके बाद लगभग एक दर्जन से भी ज्यादा ट्रॉलियां हवा में झूल रही हैं और उन पर पांच दर्जन से भी ज्यादा लोग सवार बताए गए हैं। इस बीच देवघर के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा है कि कुछ यात्रियों को चोट आई है। ज्यादातर लोग सुरक्षित हैं और उनके रेस्क्यू का प्रयास किया जा रहा है।